दिल्ली में 3 साल में पहली बार इतनी साफ थी हवा; मॉनसूनी बारिश कर दी मौज
राजधानी में गुरुवार को हुई भारी बारिश से हवा साफ हो गई और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 48 पर आ गया। इस वजह से शहर के लोग लगभग तीन साल में पहली बार अच्छी हवा में सांस ले पाए। इससे पहले आखिरी बार 10 सितंबर 2023 में दिल्ली का AQI गिरकर 45 हो गया था। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के शहरों में गुरुवार को हुई जोरदार मॉनसूनी बारिश के चलते सितंबर 2023 के बाद दिल्ली की हवा भी सबसे साफ महसूस की गई। दिल्ली में गुरुवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 48 दर्ज किया गया, जो करीब दो साल 10 महीने में सबसे साफ हवा का स्तर है। इससे पहले दिल्ली का एक्यूआई 10 सितंबर, 2023 को 45 दर्ज किया गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है। तुकमीरपुर में सबसे अधिक 160 मिमी बारिश मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी स्थित तुकमीरपुर में सबसे अधिक 160 मिमी बारिश हुई। पूरी दिल्ली में आज भी येलो अलर्ट मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को भी पूरी दिल्ली में दिन के समय चमक और गरज के साथ हल्की आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदूषण धोने में मॉनसूनी बारिश सबसे असरदार सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट में रिसर्च और एडवोकेसी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुमिता रॉयचौधरी ने कहा कि मॉनसून की बारिश प्रदूषण को काफी हद तक धो देती है और इससे हवा साफ होती है, यह बात फिर साबित हो गई है। हालांकि, वायु गुणवत्ता में मौसम के हिसाब से होने वाले बदलावों को कम करने और इस असर को बनाए रखने के लिए हमें प्रदूषण के सभी मुख्य स्रोतों पर सालभर कार्रवाई करने और एक साफ-सुथरे व जीरो-एमिशन वाले रोडमैप की जरूरत है।
