एशिया के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में दिल्ली का नाम नहीं, टॉप पर ये भारतीय शहर
अपनी खराब आबोहवा के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाली दिल्ली (New Delhi) इस बार एशिया के टॉप 10 सबसे प्रदूषित (Air Pollution) शहरों की सूची में शामिल नहीं हुई. विश्व वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Pollution AQI Level) के आधार पर सोमवार को उपलब्ध आंकड़ों में चीन से 5, मंगोलिया से 1 और अन्य चार शहर भारत से थे. नवीनतम आंकड़ों में गुजरात की राजधानी गांधीनगर (Gandhi nagar) में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 724 के साथ प्रदूषण खतरनाक स्तर तक मापा गया, जो सूची में सबसे अधिक है. इस रिपोर्ट को दाखिल करते समय, गांधीनगर के बाद पान बाजार, गुवाहाटी (665), खिंडीपाड़ा-भांडुप पश्चिम, मुंबई (471) और भोपाल चौराहा, देवास (315) का स्थान रहा. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस सर्दी में दिल्ली-एनसीआर में हवा, पहले की अपेक्षा बेहतर हुई है और 2018 के बाद इस बार सबसे साफ हवा देखी गई. यूएस-ईपीए 2016 मानक द्वारा परिभाषित इंडेक्स स्केल के अनुसार 0 और 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51-100 ‘मध्यम, 101-150 संवेदनशील समूहों के लिए अस्वास्थ्यकर, 151-200’ अस्वस्थ, 201-300 ‘बहुत अस्वस्थ’ और 300+ ‘खतरनाक’ माना जाता है.
