2025 में मौसम बना जानलेवा, 4000 से ज्यादा मौतें, डराने वाले आंकड़े आए सामने
हमें मौसम में हो रहे बदलाव साफ तौर पर महसूस हो रहे हैं। इस अनुभव को रिसर्च के जरिये सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (CSE) और डाउन टू अर्थ ने अपनी रिपोर्ट ‘क्लाइमेट इंडिया 2025’ में सामने रखा है। इस रिपोर्ट में मौसम से जुड़े ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिन्होंने लोगों को चौंका दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 के पहले नौ महीनों में देश के 273 में से 217 दिन किसी न किसी तरह की चरम मौसमी घटनाओं से प्रभावित रहे। इन घटनाओं के चलते पूरे देश में करीब 4,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। चरम मौसमी घटनाओं में लू, शीत लहर, आंधी-तूफान, भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन और बिजली गिरने जैसी घटनाएं शामिल हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 1957 के बाद अब तक कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका असर न सिर्फ दुनिया बल्कि भारत में भी साफ दिखाई दे रहा है।
