हिमाचल के छह स्कूलों को “मुख्यमंत्री ग्रीन स्कूल रोलिंग ट्रॉफी”, सोलन जिला सबसे आगे
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर हिमाचल प्रदेश के छह स्कूलों को पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्यमंत्री ग्रीन स्कूल रोलिंग ट्रॉफी 2024-25 से सम्मानित किया गया। यह ट्रॉफी शिमला स्थित ऐतिहासिक पीटरहॉफ होटल में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदान की गई। इस पुरस्कार का आयोजन सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) और हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्ट) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। ग्रीन स्कूल्स प्रोग्राम (जीएसपी) के तहत यह ट्रॉफी उन स्कूलों को दी जाती है जो पर्यावरणीय जागरूकता, संसाधनों के समुचित उपयोग और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।
