दिल्ली बना देश का सबसे प्रदूषित शहर, जानिए क्या है अन्य महानगरों का हाल? पढ़ें CSE रिपोर्ट
देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण कम करने के तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की ओर से मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली देश का सबसे प्रदूषित महानगर है। प्रदूषण का स्तर 65 फीसद अधिक सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) के नए विश्लेषण में सामने आया है कि इस सर्दी में दिल्ली को एक भी दिन साफ हवा नहीं मिली। प्रदूषण का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आठ दिन हवा की गुणवत्ता 'बेहद गंभीर', 12 दिन 'गंभीर' और 68 दिन 'बहुत खराब' रही। 18 नवंबर 2024 को हालात इस हद तक खराब हो गए कि पीएम 2.5 का स्तर 602 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया। पिछले चार साल पर नजर डालें तो किसी भी दिन दिल्ली की हवा इतनी खराब नहीं रही। पिछली सर्दी के सबसे प्रदूषित दिन से तुलना करें तो इस दिन प्रदूषण का स्तर 65 फीसद अधिक था। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से जारी मानकों पर नजर डालें तो प्रदूषण का यह स्तर 40 गुना अधिक था। प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल है इस शहर का नाम सीएसई ने अपनी इस नई रिपोर्ट में दिल्ली समेत छह भारतीय महानगरों का विश्लेषण किया है। इनमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई शामिल हैं।
