बधाई हो! सोलन को बेस्ट ग्रीन डिस्ट्रिक्ट अवार्ड
शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुरस्कार देकर नवाजा, लगातार चौथे साल हासिल किया खिताब सौरभ शर्मा-सोलन जिला सोलन ने एक बार फिर पर्यावरण व्यवस्था के प्रति बेहतरीन कार्य करते हुए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट ग्रीन डिस्ट्रिक्ट’ का प्रदेशस्तरीय खिताब अपने नाम किया है। विश्व पर्यावरण दिवस पर शिमला के होटल पीटरहॉफ में आयोजित समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला सोलन को इस पुरस्कार से नवाजा। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अमरीश शर्मा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त जिला सोलन के स्कूलों को भी अन्य पुरस्कार प्रदान किए गए। गौर रहे कि सोमवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उनके अलावा संयुक्त राष्ट्र की पर्यावरण एंबेसेडर व अभिनेत्री दीया मिर्जा, प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना व निदेशक पर्यावरण विभाग हिमाचल प्रदेश ललित जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस समारोह में सेंटर फॉर साईंस एंड एनवायरमेंट के ग्रीन स्कूल प्रोग्राम के तहत स्कूलों, जिलों व अध्यापकों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में एक बार फिर जिला सोलन ने ग्रीन स्कूल प्रोग्राम में अपनी धाक जमाते हुए बेस्ट ग्रीन डिस्ट्रिक्ट का खिताब अपने नाम किया। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अमरीश शर्मा ने यह अवार्ड प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बघेरी ने प्रतिष्ठित एनवायरमेंटल लीडरशिप स्कूल कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इतना ही नहीं कसौली इंटरनेशनल स्कूल व ब्वाय स्कूल नालागढ़ ने चेंजमेकर ग्रीन स्कूल का खिताब अपने नाम किया। गौर रहे कि सेंटर फॉर साईंस एंड एनवायरमेंट द्वारा इसी वर्ष फरवरी में दिल्ली में आयोजित समारोह में भी प्रदेश के 9 स्कूलों को ग्रीन सर्टिफाइड स्कूल से सम्मानित किया गया था, जिसमें से 6 स्कूल अकेले सोलन जिला के थे। इनमें रावमापा बोहली, रावमापा छात्र नालागढ़, एमआरए डीएवी सोलन, कसौली इंटरनेशनल स्कूल, दून वैली स्कूल और शिवालिक वैली स्कूल नालागढ़ शामिल थे। -एचडीएम
