गोरखपुर में पर्यावरण संरक्षण के अभियान को विचारों का खाद-पानी दे गईं डॉ.सुनीता नरायण, बोलीं- हर छोटे‑छोटे कदम से होते हैं बड़े बदलाव
गोरखपुर एनवायरन्मेंटल एक्शन ग्रुप के स्वर्ण जयंती समारोह के पहले दिन शनिवार को मुख्य अतिथि के रूप में सेंटर फार साइंस एंड एनवायरन्मेंट की महानिदेशक पर्यावरणविद् पद्मश्री डा. सुनीता नरायण ने शिरकत की। समूह की पांच दशकों की पर्यावरणीय उपलब्धियों को सराहते हुए उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हर छोटे‑छोटे कदम से ही बड़े बदलाव की शुरुआत होती है। गोरखपुर की इस हरियाली को आगे बढ़ाते रहना हम सभी की जिम्मेदारी है। मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान डाॅ. सुनीता नरायण ने कहा कि दिल्ली की तुलना में गोरखपुर बहुत साफ-सुथरा है। इसे हमें ऐसे ही बनाए रखना होगा। इसके लिए उन्होंने कचरा निस्तारण की व्यवस्था प्राथमिक स्तर पर व्यवस्थित करने पर जोर दिया। बताया कि एक अध्ययन के मुताबिक गोरखपुर के लोग 60 प्रतिशत गीला कचरा पैदा करते हैं। ऐसे में शुरू से ही इसका उचित प्रबंधन किया जाए, तो कूडा निस्तारण चुनौती नहीं बनेगा। घरों में ही गीला और सूखा कचरा अलग किया जाए। गीले कचरे का उपयोग बायो सीएनजी या खाद निर्माण में हो।
