UP Clean Energy Workshop: स्वच्छ ऊर्जा में यूपी की छलांग, यूपीनेडा और सीएसई ने लखनऊ में आयोजित की कार्यशाला
उत्तर प्रदेश को स्वच्छ, सतत और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के तहत उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण यूपीनेडा ने सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट सीएसई के सहयोग से सोमवार को लखनऊ के होटल मैरियट में उत्तर प्रदेश के स्वच्छ ऊर्जा भविष्य को सशक्त बनाना विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें सरकारी विभागों, सौर ऊर्जा उत्पादकों, ओपन एक्सेस उपभोक्ताओं और ऊर्जा विशेषज्ञों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पीएम सूर्य घर और कम्प्रेस्ड बायो गैस में यूपी नंबर-1 कार्यशाला में यूपीनेडा के सचिव पंकज सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। राज्य प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, कम्प्रेस्ड बायो गैस सीबीजी संयंत्रों की स्थापना और ‘पीएम-कुसुम सी-1 योजना’ के क्रियान्वयन में पूरे देश में शीर्ष स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के साथ-साथ बैटरी स्टोरेज और आधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाने पर जोर दिया। ऊर्जा दक्षता और कार्बन उत्सर्जन में कमी पर जोर कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए यूपीनेडा के निदेशक रवीन्द्र सिंह ने कहा कि ऊर्जा की तेजी से बढ़ती मांग के बीच नवीकरणीय ऊर्जा के साथ-साथ ऊर्जा दक्षता पर ध्यान देना आवश्यक है, ताकि कार्बन उत्सर्जन में ठोस कमी लाई जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यशाला से प्रतिभागियों को बैटरी भंडारण, कार्बन क्रेडिट एवं ट्रेडिंग योजना सीसीटीएस और नए नियामकीय प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी। आरपीओ अनुपालन और अंतर-राज्यीय अनुभवों पर मंथन कार्यक्रम में यूपीपीसीएल के निदेशक कॉर्पोरेट प्लानिंग दीपक रायजादा ने नवीकरणीय क्रय बाध्यता आरपीओ के लक्ष्यों और चुनौतियों को साझा किया। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी के वरिष्ठ विशेषज्ञ अवधमणि पांडेय ने कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग और इंडिया एनर्जी स्टोरेज अलायंस के अध्यक्ष देबमाल्या सेन ने बैटरी प्रबंधन पर विचार रखे। इसके अलावा ओडिशा और राजस्थान के विशेषज्ञों ने भी अपने राज्यों के सफल मॉडल प्रस्तुत किए। यूपीनेडा के वरिष्ठ सलाहकार गिरीश कुमार ने आरपीओ पोर्टल पर प्रस्तुति दी और वरिष्ठ परियोजना अधिकारी राकेश अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
