9 महीने में 3220 मौतें, देश में क्लाइमेट चेंज की खौफनाक तस्वीर; CSE की रिपोर्ट में डराने वाला खुलासा
देश में मौसम की चरम घटनाएं अब लगभग रोजाना की चुनौती बनती जा रही हैं। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) और डाउन टू अर्थ की रिपोर्ट 'क्लाइमेट इंडिया 2026' के मुताबिक, इस साल जनवरी से सितंबर के बीच देश में 273 में से 251 दिन यानी 92 प्रतिशत दिनों में कहीं न कहीं अतिविषम मौसमी घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में 3220 लोगों की मौत हुई, 42.5 लाख हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई, 1,28,334 मकान तबाह हुए और 47,244 पशुओं की जान गई। मौसम की मार के मामले में उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित रहे। दोनों राज्यों में साल के शुरुआती नौ महीनों के करीब 64 प्रतिशत दिनों में चरम मौसमी घटनाएं दर्ज की गईं। हालांकि, मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश 811 के आंकड़े के साथ पहले स्थान पर रहा। महाराष्ट्र में 286 और बिहार में 245 लोगों की मौत हुई। दिल्ली में गर्मी से लेकर बारिश तक मौसम के चरम रूप राजधानी दिल्ली भी मौसम के बदलते मिजाज से अछूती नहीं रही। मई में भीषण गर्मी के दौरान रिज में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, अक्टूबर में भारी बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की चुनौती फिर सामने रखी। 12 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में सफदरजंग में 41.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो अक्टूबर में चार वर्षों का सर्वाधिक दैनिक आंकड़ा था।
