पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं को अपनाने के लिए किया प्रेरित
पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में वीरवार को ग्रीन स्कूल कार्यक्रम पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्टे) व प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के सहयोग से आयोजित हुई। कार्यशाला का शुभारंभ प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने किया। कार्यशाला में हमीरपुर जिले के 30 इको क्लब प्रभारी शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्रों का नेतृत्व नई दिल्ली स्थित सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट से विषय विशेषज्ञ नीरज कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रीन स्कूल कार्यक्रम स्कूलों को पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं को अपनाने और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करता है। कार्यशाला में विशेष रूप से डिप्टी डीईओ वंदना धीमान, सुपरिंटेंडेंट ग्रेड वन कश्मीर सिंह, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक हमीरपुर राजेश गौतम, प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद, वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक रिशव राणा व विज्ञान संघ के जिला प्रधान विकेश कौशल शामिल रहे। कार्यशाला में जीवन के मुख्य घटकों जैसे भूमि, जल, ऊर्जा और खाद्य पदार्थों का संरक्षण पर ध्यान केंद्रित किया गया। विषय विशेषज्ञ ने शिक्षकों और छात्रों को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित क्रियाशील योजनाओं में शामिल होने और अपनी क्षमताओं पर ध्यान केंद्रित कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के तरीकों पर जानकारी उपलब्ध करवाई।
