मंजरी वी महाजन को मिला वेस्ट वॉरियर अवॉर्ड
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तर पर वेस्ट वॉरियर अवॉर्ड से नवाजा गया। मंजरी वी महाजन को दिया अवॉर्ड। यह सम्मान ऐतिहासिक होटल पीटर हॉफ में आयोजित एक भव्य समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) और हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्ट) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। कार्यक्रम में राज्य भर के विभिन्न स्कूलों को उनकी पर्यावरणीय पहलों के लिए सम्मानित किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ ने स्कूल परिसर में हरित पहलुओं को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यालय ने अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। प्रधानाचार्य मंजरी वी महाजन जो स्वयं स्कूल की इको क्लब इंचार्ज हैं ने इन पहलों के माध्यम से छात्रों में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित किया है। प्रधानाचार्य के अनुसार यह पुरस्कार हमारे विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, छात्रों, अभिभावकों और ग्राम पंचायत दाड़ला के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। प्रधानाचार्य ने जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम की विशेष सराहना की जिनके सहयोग से विद्यालय यह उपलब्धि हासिल कर सका। (एचडीएम)
