अगर देखनी है ग्रीन और क्लीन दिल्ली, तो जिम्मेदारी से उठाएं ये कदम
प्रदूषण से बचना और फिर प्रदूषण को कम करने की कोशिश करना ही दिल्ली-एनसीआर में स्वस्थ्य रहने का एकमात्र फॉर्म्युला है। एक्सपर्ट के अनुसार, जब तक हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी नहीं समझता प्रदूषण से जंग कमजोर ही रहेगी। अकेले न तो सरकार न आम लोग इससे निपट सकते हैं। इस जंग में हो शामिल सीएसई (सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट) की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुमिता राय चौधरी ने बताया कि प्रदूषित माहौल में सबसे पहले खुद को सेफ रखना ही हमारी जिम्मेदारी है। प्रदूषण के स्तर के हिसाब से मास्क पहनना बहुत जरूरी है। पीएम 2.5 का स्तर 100 एमजीसीएम से अधिक हो गया है तो मास्क पहनना चाहिए। अस्थमा के मरीजों को दवाइयां हमेशा अपने पास रखनी चाहिए। सरकार की तरफ से जारी एडवाइजरी व सिटिजंस चार्टर का पालन करने की कोशिश करें। खाना हेल्दी खाएं ताकि इम्युनिटी कम न हो। योगा करें, भारी एक्सरसाइज से बचें। इसके बाद लोग प्रदूषण को कम करने के उपाय कर सकते हैं।
