भारत के पास वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भागीदारी का बड़ा अवसर: अमिताभ कांत
अलवर (राजस्थान), 26 फरवरी (भाषा) भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने बुधवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर अस्थिरता ने दुनिया के व्यापार को खंडित कर दिया है, ऐसे में भारत के पास इस खालीपन का लाभ उठाते हुए स्वच्छ प्रौद्यागिकी विनिर्माण और आर्थिक वृद्धि में तेजी लाने की दिशा में काम करने का बड़ा अवसर है। उन्होंने यहां सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट के वार्षिक अनिल अग्रवाल संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के पास बैटरी विनिर्माण, इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया उत्पादन और पर्यावरण अनुकूल अन्य उद्योगों में अपना दबदबा कायम करने की क्षमता है। कांत ने कहा, ‘‘यूरोप में 1,000 दिन से अधिक से युद्ध चल रहा है। इसलिए, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जो स्थिरता बनी थी, समाप्त होती दिख रही है। और आपके पास दुनियाभर में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं टूट गई हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जो कुछ भी हो रहा है, मेरा निजी तौर पर मानना है कि यह भारत के लिए एक बहुत बड़ा अवसर है, क्योंकि इन सबसे एक खालीपन उत्पन्न हुआ है।’’ कांत ने कहा कि जब डोनाल्ड ट्रंप (पहली बार 2016 में) पेरिस समझौते से बाहर निकले, तो चीन ने कदम बढ़ाया और अब दुनिया के 80 प्रतिशत महत्वपूर्ण खनिजों पर उसका नियंत्रण है।
