इस साल पड़ने वाली गर्मी पर आई बड़ी खबर, खतरे में आ सकती हैं फसलें!
देश में गर्मी की शुरुआत ही हुई है और अभी से कई राज्यों में तापमान आसमान छू गया है. मौजूदा समय में कई जगहों पर दिन में हीटवेव (Heatwave Alert) के साथ-साथ रात के तापमान में भी काफी बढ़ोतरी देखी गई है. इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा चढ़ने का अनुमान लगाया है. न राज्यों में दिखा प्रकोप भारत में आमतौर पर मार्च से मई के बीच गर्मी का मौसम माना जाता है. लेकिन इस साल गोवा और महाराष्ट्र में गर्मी के मौसम ने फरवरी के आखिरी दिनों में ही दस्तक दे दी थी. ऐसा पहली बार हुआ है. यह फरवरी 125 सालों में सबसे गर्म रही है. मौसम विभाग के अनुसार, जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस या सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा होता है, तो उसे हीटवेव मान लिया जाता है. ओडिशा, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ हिस्सों ने मार्च महीने के दौरान हीटवेव का सामना किया है. सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट के अनुसार, 11-23 फरवरी के दौरान 22 राज्यों में कम से कम एक बार रात का तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा रहा. आगे कैसा रहेगा तापमान? मौसम विभाग के मुताबिक, इस गर्मी में देश के ज्यादातर हिस्सों को सामान्य से ज्यादा हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है. रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने की उम्मीद है. हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि 2025 की गर्मियां 2024 से ज्यादा खराब होंगी या नहीं, जो 1901 के बाद से रिकॉर्ड की गई सबसे ज्यादा गर्मी थी.
