प्रदूषण: खतरे में जीवन, चैन की सांस कब लेगी दिल्ली... भारत-पाकिस्तान के वैज्ञानिकों को करना चाहिए आपसी सहयोग
दिल्ली वाले थोड़ी राहत महसूस कर सकते हैं कि लाहौर को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर घोषित किया गया है। बीते 21 अक्तूबर को इसका वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 394 था, जो चिंताजनक है। एक्यूआई हवा में विभिन्न प्रदूषक तत्वों की सांद्रता का एक माप है, जैसे कि महीन प्रदूषक कण (पीएम 2.5), मोटे प्रदूषक कण (पीएम 10), नाइट्रोजन ऑक्साइड और ओजोन। सौ से ज्यादा एक्यूआई को 'अस्वास्थ्यकर' और 150 से ज्यादा एक्यूआई को 'बेहद अस्वास्थ्यकर' माना जाता है। प्रमुख पाकिस्तानी अखबार द डॉन ने लिखा है कि मुख्य रूप से फसल अवशेषों (पराली) को जलाने और औद्योगिक उत्सर्जन के कारण पैदा हुए धुंध के संकट ने पंजाब (पाकिस्तानी प्रांत) सरकार को तत्काल सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बड़े कदम उठाने के लिए प्रेरित किया है और 'खतरनाक धुंध के कारण शहर के निवासियों को खांसी, सांस लेने में कठिनाई, आंखों में जलन और त्वचा संबंधी संक्रमण सहित व्यापक स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो गई हैं। 'एंटी-स्मॉग स्क्वॉड को काम पर लगाया गया है और पाकिस्तानी मीडिया ने वरिष्ठ मंत्रियों के हवाले से एंटी-स्मॉग स्क्वाड की सराहना करते हुए इसे 'स्मॉग-मुक्त पंजाब की ओर एक कदम' बताया है। चावल उगाने वाले क्षेत्रों में एंटी-स्मॉग स्क्वाड की स्थापना की गई है, जिन्हें ज्यादा इलाकों तक पहुंचने और स्मॉग नियंत्रण का समर्थन करने के लिए वाहनों से लैस किया गया है। वर्षों से दिल्ली की अत्यधिक प्रदूषित हवा में रहने और एक भारतीय होने के नाते मैं इन सभी संकेतों को बहुत अच्छी तरह से समझती हूं। जैसा कि प्रसिद्ध पर्यावरणविद सुनीता नारायण ने डॉउन टु अर्थ के अपने कॉलम में कभी हमें याद दिलाया था- 'एक बार फिर से साल का वह समय आ गया है और दिल्ली एवं इसके आसपास के इलाकों के लोग वाकई खतरे से भयभीत हैं। ठंड बढ़ रही है। हवा के धीमी होने के कारण पहले से हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व नीचे बैठ जाएंगे और हमें सांस लेने में दिक्कत होने लगेगी। हम केवल यह उम्मीद और प्रार्थना कर सकते हैं कि हवा और बारिश के देवता हमें राहत दिलाएं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि हमने वर्षों से प्रदूषण से निपटने के लिए कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं किया है।'
