Ozone gas threat to big Indian cities like Delhi Mumbai Bengaluru CSE Report 2024 is scary
भारत के बड़े शहरों के लिए वायु प्रदूषण का खतरा अब जानलेवा बनता जा रहा है. हर साल दिल्ली एनसीआर और दूसरे बड़े शहरों में रहने वाले लोग इस खतरे से होने वाली गंभीर बीमारियों से जूझते हैं. सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) ने इस पर अब एक नई रिपोर्ट पब्लिश की है. इस रिपोर्ट में उसने खुलासा किया है कि कैसे ओजोन गैस इन शहरों की हवा को और जहरीली बना रही है. चलिए आपको इस आर्टिकल में इस रिपोर्ट के बारे में विस्तार से बताते हैं. खतरे में हैं ये शहर दिल्ली एनसीआर, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, मुंबई और पुणे के साथ-साथ ग्रेटर अहमदाबाद, ग्रेटर हैदराबाद, ग्रेटर जयपुर और ग्रेटर लखनऊ की स्थिति चिंताजनक है. दरअसल, दिल्ली स्थित थिंक टैंक सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (CSE) की नई रिपोर्ट के अनुसार, इन भारतीय शहरों में ओजोन प्रदूषण के स्तर में चिंताजनक वृद्धि हुई है. खासतौर से इस साल के गर्मियों के दौरान भारत के 20 प्रमुख शहरी क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर ओजोन गैस का स्तर काफी ज्यादा बढ़ गया है. इससे इन क्षेत्रों में हवा पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा जहरीली हो गई है. इन सभी शहरों में दिल्ली सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है.
