Explainer: रात में बढ़ रही जानलेवा गर्मी, जानिए क्या है इसकी वजह
दिल्ली समेत पूरे देश में जानलेवा गर्मी का कहर जारी है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में तापमान 47 डिग्री तक छू चुका है। रात में भी गर्मी का तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम विभाग भी लू या यू कहें कि हीट वेव को लेकर कभी रेड तो कभी ऑरेंज अलर्ट जारी कर रहा है। 19 जून को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि दिल्ली में 18 जून की रात को तापमान ने नया रिकॉर्ड बनाया। न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। इससे पहले 3 जून 2010 को न्यूनतम तापमान 34.7 डिग्री पहुंचा था। vishvasnews कम हो रहा दिन और रात के तापमान का अंतर सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरन्मेंट (सीएसई) ने बेंगलुरु , चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई में गर्मी के दौरान एक अध्ययन किया था। 24 मई 2024 को वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, मार्च-अप्रैल 2024 में दिल्ली का औसत तापमान 2014-2023 के औसत तापमान के मुकाबले 3 डिग्री कम रहा, लेकिन अधिक आर्द्रता हीट स्ट्रेस को बदतर बना रही है। दिन और रात के तापमान में अंतर 9 फीसदी कम हुआ है। रात में शहर का तापमान केवल 8.5 डिग्री, जबकि आसपास का तापमान 12.2 डिग्री कम हुआ है। इससे पता चलता है कि शहरी क्षेत्र आसपास के इलाके के मुकाबले 3.8 डिग्री कम ठंडा हो रहा है। यह अर्बन हीट आइलैंड का असर है। यहां 2003 में निर्माण क्षेत्र 31.4 फीसदी था, जो 2022 में बढ़कर 38.2 फीसदी हो गया। हालांकि, ग्रीन कवर क्षेत्र 2003 के 32.6 फीसदी से बढ़कर 2022 में 44.4 फीसदी हो गया, लेकिन इसके बढ़ने का असर दिन के तापमान पर तो दिखा, लेकिन रात के पारे पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। इस अध्ययन से पता चलता है कि अर्बन हीट आइलैंड का असर दिल्ली के तापमान पर भी दिख रहा है। vishvasnews 27 अक्टूबर 2023 को सीएसई की वेबसाइट पर छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेशनल पैनल ऑफ क्लाइमेंट चेंज ने चेताया है कि अर्बन हीट आइलैंड के असर से वातावरण में गर्मी दो डिग्री तक बढ़ सकती है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि रात में बढ़ रहा तामपान दोपहर के अधिकतम तापमान जितना ही खतरनाक होता है। रात भर तापमान अधिक रहने से शरीर पर इसका घातक असर पड़ता है। इससे लोगों को दिन की गर्मी से उबरने का बहुत कम मौका मिलता है। चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, जर्मनी और अमेरिका के वैज्ञानिकों द्वारा लैंसेट प्लैनेटरी हेल्थ में प्रकाशित 2022 के एक अध्ययन में कहा गया है कि अत्यधिक गर्म रातों से मृत्यु का खतरा लगभग छह गुना बढ़ जाएगा। vishvasnews नासा की वेबसाइट पर 12 मई 2022 को एक रिपोर्ट छपी है। इसमें 5 मई 2022 की रात को नासा के इकोस्ट्रेस द्वारा ली गई दिल्ली के सतह की तस्वीर के आधार पर कहा गया है कि दिल्ली के अर्बन ‘हीट आइलैंड्स ‘ और छोटे गांवों का तापमान 102 डिग्री फॉरेनहाइट (39 डिग्री सेल्सियस) रहा, जबकि आसपास के क्षेत्र 40 डिग्री फॉरेनहाइट ठंडे थे। शहरों के अपने आसपास के क्षेत्रों से ज्यादा गर्म होने की वजह मानवीय गतिविधियां और इमारतों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री है। vishvasnews क्या होता है अर्बन हीट आइलैंड नेशनल जियोग्राफिक की वेबसाइट के अनुसार, अर्बन हीट आइलैंड (यूएचआई) वह क्षेत्र होता है, जो अपने आसपास के ग्रामीण इलाकों के मुकाबले गर्म होता है। इसके पीछे काफी कारण होते हैं। जब घर, दुकानें और व्यावसायिक इमारतें काफी नजदीक बनती हैं तो यह हीट आइलैंड का कारण बनती हैं। भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी हीट को रोकने या उसे इंसुलेट करने में काफी कारगर होती है। इस इंसुलेशन की वजह से आसपास की इमारतें गर्म होती हैं। वाहनों से निकलने वाली गर्मी भी इसकी वजह बनती है।
