चार हिस्सों में बांटना होगा कचरा, क्या नए नियम बदल पाएंगे पुरानी व्यवस्था?
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी के रिसर्च एसोसिएट श्रोतिक बोस कहते हैं, “नए नियमों में ऐसे ज़्यादा प्रावधान नहीं हैं जो सीधे तौर पर वायु प्रदूषण या गर्मी के तनाव (हीट स्ट्रेस) से निपटते हों, जबकि कचरा जलाने, उत्सर्जन और हवा की गुणवत्ता के बीच साफ़ संबंध है।” भारत के पर्यावरण मंत्रालय ने इस साल जनवरी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट या ठोस कचरे के प्रबंधन के नए नियम (2026) जारी किए। यह नए नियम अब 2016 के नियमों की जगह लेकर नियमों के पालन की व्यवस्था को बेहतर बना सकते हैं। इन नए नियमों में कचरा पैदा करने वालों की ज़िम्मेदारियों की साफ़ रूपरेखा, ‘बल्क वेस्ट जनरेटर’ यानी बड़ी मात्रा में कचरा पैदा करने वालों की परिभाषा में बदलाव, और गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने को बढ़ावा देने के लिए मिश्रित कचरे के लिए लैंडफिल के इस्तेमाल पर रकम को बढ़ाने जैसे प्रावधान शामिल हैं। यह नए नियम भले ही अच्छी नीयत से बनाए गए हों, लेकिन इस क्षेत्र के जानकारों ने इन्हें लागू करने में आने वाली उन कमियों के बारे में चेतावनी दी है, जो दशकों से भारत में ठोस कचरे के प्रबंधन के लिए समस्या बनी हुई हैं। इसका उदाहरण नई दिल्ली के विशाल लैंडफिल — भलस्वा, गाजीपुर और ओखला — हैं, जो कचरे को उसके स्रोत पर ही अलग-अलग न कर पाने की शहर की पुरानी नाकामी की निशानी हैं। कचरा पैदा करने के मामले में दिल्ली सभी भारतीय शहरों में सबसे आगे है, जहाँ हर व्यक्ति रोजाना लगभग 600 ग्राम कचरा पैदा करता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, इकट्ठा किए गए कचरे का लगभग 64% हिस्सा उपचारित किया जाता है, जबकि बाकी 36% यानी 4,241 टन कचरा रोज़ाना असुरक्षित रूप से लैंडफिल तक पहुँच जाता है। ये लैंडफिल पूरे साल वायु प्रदूषण के साथ-साथ गर्मियों में ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन और गर्मी के तनाव (हीट स्ट्रेस) का भी कारण बनते हैं। एक ‘सोर्स अपोर्शनमेंट स्टडी‘ के अनुसार, दिल्ली में पार्टिकुलेट मैटर (PM) उत्सर्जन में बायोमास और कचरा जलाना दूसरा सबसे बड़ा कारण है; यह PM10 में 23% और PM2.5 में 24% का योगदान देता है। जब जैविक कचरा जमा होता है और सड़ने के लिए छोड़ दिया जाता है, तो उससे मीथेन गैस निकलती है। बीस साल की अवधि में, मीथेन में कार्बन डाइऑक्साइड की तुलना में पर्यावरण को गर्म करने की क्षमता 80 गुना ज़्यादा होती है और यह ग्लोबल वार्मिंग के लिए दूसरा सबसे बड़ा कारण है। एक अन्य अध्ययन के अनुसार, गाजीपुर लैंडफिल के भीतर ज़्यादा तापमान वाले क्षेत्र बढ़ रहे हैं और सतह तक पहुँच रहे हैं, जो कि ठीक नहीं है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी के रिसर्च एसोसिएट श्रोतिक बोस कहते हैं, “नए नियमों में ऐसे ज़्यादा प्रावधान नहीं हैं जो सीधे तौर पर वायु प्रदूषण या गर्मी के तनाव (हीट स्ट्रेस) से निपटते हों, जबकि कचरा जलाने, उत्सर्जन और हवा की गुणवत्ता के बीच साफ़ संबंध है।”
