पारा@49 डिग्री...गर्मी से धधक रही दिल्ली, डरा रहा हीट इंडेक्स और ह्यूमिडिटी का कनेक्शन
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली आजकल 'आग की भट्ठी' की तरह तप रही है। भीषण गर्मी ने लोगों को बुरी तरह झुलसा रखा है। गर्मी के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। हर कोई आसमान की तरफ देखकर बादलों के बरसने का इंतजार कर रहा है। लेकिन भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली के मुंगेशपुर और नरेला में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। मुंगेशपुर और नरेला में अधिकतम तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। नजफगढ़ में भी अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ह्यूमिडिटी पर एक्सपर्ट की राय? ह्यूमिडिटी का स्तर बढ़ने से भारत के महानगरों में गर्मी बढ़ रही है जहां एक दशक पहले की तरह रात तक में मौसम ठंडा नहीं हो रहा है। यह बात ‘सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरन्मेंट’ (सीएसई) की एक नई रिपोर्ट में कही गई है। सीएसई ने जनवरी 2001 से अप्रैल 2024 तक छह महानगरों- दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई के लिए ग्रीष्मकालीन हवा के तापमान, भूमि की सतह के तापमान और सापेक्ष आर्द्रता डेटा का विश्लेषण किया। थिंक टैंक ने कहा कि बढ़ी हुई आर्द्रता सभी जलवायु क्षेत्रों में गर्मी की स्थिति को बढ़ा रही है, यहां तक कि दिल्ली और हैदराबाद में हवा के तापमान में मामूली गिरावट भी बेअसर साबित हो रही है। बेंगलुरु को छोड़कर, 2001-2010 के औसत की तुलना में 2014-2023 तक अन्य पांच महानगरों में ग्रीष्मकालीन औसत सापेक्ष आर्द्रता 5-10 प्रतिशत बढ़ गई। सीएसई की रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब भीषण गर्मी भारत के बड़े हिस्से में स्वास्थ्य और आजीविका को प्रभावित कर रही है।
