आवासीय बदलाव से बदल रहा बाघों का व्यवहार? इंसानों को बना रहे शिकार, SOE 2026 रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
क्या भारत में बाघ अब जीवन निर्वाह के लिए इंसानों का अधिक शिकार कर रहे हैं? सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) और पत्रिका डाउन टू अर्थ द्वारा जारी 2026 की ‘स्टेट ऑफ इंडियाज़ एनवायरनमेंट (SOE 2026)’ रिपोर्ट में उपलब्ध अध्ययनों और रिपोर्ट्स का विश्लेषण कर यह निष्कर्ष निकाला गया है कि बाघों के व्यवहार में बदलाव स्पष्ट रूप से दिख रहा है। डाउन टू अर्थ के वरिष्ठ संवाददाता हिमांशु नितनवरे, जिन्होंने इस रिपोर्ट के लिए विश्लेषण किया है, कहते हैं: “बड़ा बिल्ली प्रजाति का यह जीव अब अपनी धारियां बदल रहा है। पारिस्थितिक तंत्र में बदलाव, आवास का क्षरण, मानवीय हस्तक्षेप और असंतुलित संरक्षण नीतियां भारत के बाघों के व्यवहार में सूक्ष्म और स्पष्ट परिवर्तन ला रही हैं।”
