Delhi Weather News : दिल्ली में सुबह साफ रह सकता है आसमान, लेकिन प्रदूषण में सुधार की गुंजाइश नहीं
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली से पहले ही प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। सुबह होते-होते दिल्ली का आसमान जहरीले स्मॉग से ढंक जा रहा है। जैसे-जैसे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वैसे-वैसे प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। मौसम कार्यालय का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को आसमान मोटे तौर पर साफ रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। आईएमडी के अधिकारी ने बताया, 'शुक्रवार को मुख्यत: आसमान साफ रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: करीब 34 और 17 डिग्री रहने का अनुमान है।' दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 56 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से 24 घंटे के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बुलेटिन के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का औसम एक्यूआई 228 रहा जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
