सस्ते हो सकते हैं इलेक्ट्रिक वाहन, सरकार ने लिया ये बड़ा फैसला, देखें और क्या होगा असर?
केंद्र सरकार के साइंस एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट (डीएसटी) और ग्रीन एनर्जी के थिंक टैंक साइंस एंड एनवायरमेंट सेंटर (सीएसई) ने एक ऐसा मंच बनाने के लिए हाथ मिलाया है जो भारतीय लोगों की आवश्यकताओं के हिसाब से नई इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बैटरियां बनाने में मदद करेगा. सीएसई ने एक बयान में कहा कि भारत में नई बैटरियों की टेक्नोलॉजी विकसित करने के लिए एक रूपरेखा तैयार की जाएगी. इसके बाद इस प्रक्रिया में सहयोग के लिए विशेषज्ञ-उद्योग मंच बनाया जाएगा. सीएसई की रिचर्स डिवीजन की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुमिता रॉय चौधरी ने कहा, ‘‘भारत इलेक्ट्रिक वाहनों को आगे बढ़ाने के लिए ‘फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल्स’ (एफएएमई) के साथ और उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहनों पर काम कर रहा है, लेकिन इसकी लागत, सुरक्षा और चार्जिंग सुविधाओं से जुड़ी अभी कई चुनौतियां हैं.’’ सीएसई की एक अन्य अधिकारी मौसमी मोहंती ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य इन चुनौतियों से निपटना है. तेजी से बढ़ रही e- वाहनों की मांग ‘नेशनल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी मिशन प्लान’ (एनईएमएमपी) 2020 के तौर पर भारी उद्योग विभाग ने इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहन टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने और इसके लगातार विकास के लिए 2015 में ‘फेम’ योजना बनाई थी. भारत समेत दुनिया के कई देशों में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग अब तेजी से बढ़ने लगी हैं. इसकी वजह दुनिया भर में बढ़ता प्रदूषण और पेट्रोल-डीजल की निर्भरता को कम करना है. इसे देखते हुए सरकार देश में ईवी को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की योजना बना रही हैं. 185 प्रतिशत बढ़ी ईवी की बिक्री पिछले महीने यानी अक्टूबर के दौरान देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की बात करें तो इसमें सालाना आधार पर करीब 185 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है. इस दौरान कुल 1,11,971 ईवी बिके हैं. इसमें यात्री वाहनों की बिक्री शामिल है. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (फाडा) के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 39,329 इकाई रही थी. कुल इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री पिछले महीने में 178 प्रतिशत बढ़कर 3,745 इकाई रही जो एक साल पहले इसी महीने में 1,346 इकाई थी. कमर्शियल वाहनों की बिक्री भी बढ़ी फाडा के आंकड़ों के अनुसार, इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बिक्री 125.64 प्रतिशत बढ़कर 274 इकाई रही. इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री अक्टूबर में 269.06 प्रतिशत बढ़कर 73,169 इकाई रही जो एक साल पहले इसी महीने में 19,826 इकाई थी. आंकड़ों के अनुसार, इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर वाहनों की बिक्री अक्टूबर में 92.87 प्रतिशत बढ़कर 34,793 इकाई रही, जो एक साल पहले अक्टूबर, 2021 में 18,040 इकाई थी.
