रिपोर्ट में दावा- सर्दियों में साफ हुई दिल्ली की हवा, COVID-19 से पहले के मुकाबले 20 फीसदी घटा प्रदूषण
नई दिल्ली. दिल्ली में सर्दी के दौरान औसत पीएम 2.5 प्रदूषण महामारी से पहले के मुकाबले 20 फीसदी घट गया है. विज्ञान और पर्यावरण केंद्र (सीएसई) की ओर से जारी नई रिपोर्ट में यह दावा किया गया है. आकलन के दौरान दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में एक जनवरी 2015 से लगातार सर्दी के सात मौसमों और सर्दी पूर्व के रुझानों को शामिल किया गया. यह रिपोर्ट इस क्षेत्र के सक्रिय 81 वायु गणवत्ता निगरानी स्टेशन से उपलब्ध ‘रियल टाइम डाटा’ पर आधारित है. महामारी से पहले सर्दी के दौरान पीएम 2.5 सांद्रता प्रति घन मीटर 180-190 माइक्रोग्राम तक बढ़ जाती थी, लेकिन रिपोर्ट में कहा गया है कि पीएम 2.5 सांद्रता अब घटकर प्रति घन मीटर 150 से 160 माइक्रोग्राम तक रह गई है.
