CSE सम्मेलन में पर्यावरण प्रेमी जगत नारायण होंगे शामिल:राजस्थान के अलवर में होगा आयोजन, सिंगरौली के पर्यावरणीय समस्याओं पर करेंगे चर्चा
सोनभद्र में म्योरपुर के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम से जुड़े पर्यावरण कार्यकर्ता जगत नारायण विश्वकर्मा को दिल्ली के प्रतिष्ठित संस्थान सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) ने अपने वार्षिक सम्मेलन ‘अनिल अग्रवाल डायलॉग’ के लिए आमंत्रित किया है। यह सम्मेलन 24 से 26 फरवरी तक राजस्थान के अलवर के पास निमली गांव स्थित अनिल अग्रवाल एनवायरनमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में आयोजित होगा। सम्मेलन में देश की वर्तमान पर्यावरणीय स्थिति, अरावली पर्वत श्रृंखला पर मंडराते खतरे और इसके अन्य राज्यों पर पड़ने वाले प्रभावों पर गहन चर्चा की जाएगी। बता दें कि सम्मेलन के दौरान पर्यावरण पत्रिका ‘डाउन टू अर्थ’ की वार्षिक रिपोर्ट ‘स्टेट ऑफ इंडियाज़ एनवायरनमेंट’ भी जारी की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और दुनिया के सामने मौजूद पर्यावरण और विकास से जुड़े मुद्दों व चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना है। साथ ही संभावित स्टोरी आइडियाज़ पर मंथन और भविष्य के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। वहीं, जगत नारायण विश्वकर्मा ने बताया कि वे इस राष्ट्रीय मंच पर सिंगरौली परिक्षेत्र की गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। बता दें कि उन्होंने इससे पहले भी आईआईटी कानपुर के वार्षिक कार्यक्रम (गोवा) में इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया था।
