रेलवे के विद्युतीकरण और एलईडी बल्ब से सरकार कम करेगी 120 अरब टन उत्सर्जन ः भूपेंद्र यादव
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। उपभोग को कम करना और एक आत्म नियंत्रण वाला समाज बनाना ही वह अकेला रास्ता है, जिससे हम प्रकृति के साथ मिल जुलकर रह सकते हैं। यह बात केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट, सीएसई द्वारा अलवर के नीमली में आयोजित अनिल अग्रवाल डायलॉग 2022 में कही। एनुअल स्टेट ऑफ इंडियाज एनवायरनमेंट 2022 रिपोर्ट की जारी इस मौके पर यादव ने डाउन टू अर्थ की एनुअल स्टेट ऑफ इंडियाज एनवायरनमेंट 2022 रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि हम 2070 तक जीरो उत्सर्जन वाले देश के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। आईपीसीसी रिपोर्ट में उत्सर्जन कम करने को कहा गया है। जिसपर उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा उत्सर्जन ऊर्जा के क्षेत्र में हैं इसलिए सरकार इसे कम करने पर जोर डाल रही है । हम 2030 तक 500 गीगावाट नवीनीकरण उर्जा हासिल करने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। इसके अलावा उत्सर्जन कम करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों में रेलवे का 2030 तक पूर्ण विद्युतीकरण हो जाएगा। हाईड्रोजन इंधन पर भी दिया जा रहा ध्यान जिससे 80 बिलियन टन उत्सर्जन कम होगा। यादव ने कहा कि देश में बड़े पैमाने पर अब एलईडी बल्ब लगवाने की योजना भी बना रहे हैं, इससे भी उत्सर्जन 40 अरब टन घट जाएगा। इसके अलावा हम हाइड्रोजन पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। अगर हम हाइड्रोजन को टिकाऊ और किफायती बना सके तो हम दुनिया में बड़े बदलाव ला सकते हैं। हमें हर क्षेत्र के लिए कम कार्बन वाली रणनीति की जरूरत ः सुनीता नारायण वहीं जलवायु परिवर्तन की चुनौती पर बात करते हुए सुनीता नारायण ने कहा कि भारत को अपने हित में ही इस बारे में कार्रवाई की जरूरत है। हमें हर क्षेत्र के लिए कम कार्बन वाली रणनीति की जरूरत है। क्योंकि इस समय देश में कोयला आधारित बिजली उत्पादन से 40 फीसद कार्बन उत्सर्जन होता है। क्योंकि देश की 78 फीसद उर्जा पॉवर प्लांट्स से तैयार हो रही है। वाहनों का कार्बन उत्सर्जन में 9 फीसद योगदान है। सिर्फ दिल्ली में कुल आबादी के 15 फीसद लोग गाड़ी चलाते हैं और 90 फीसद सड़कों को घेरते हैं। उद्योग धंधों से भी देश में 18-20 फीसद प्रदूषण होता है। पराली, घरेलू उत्सर्जन, संस्थानिक उत्सर्जन पर भी काम करने की जरूरत है।
