उत्सर्जन में कटौती ही जलवायु परिवर्तन के परिणामों को सीमित करने का एकमात्र तरीका: सुनीता नारायण
नई दिल्ली /अलवर, जागरण संवाददाता। इंटर गवर्नमेंटल पैनल आन क्लाइमेट चेंज (आइपीसीसी) की सोमवार को जारी हुई रिपोर्ट पर भारतीय पर्यावरणविद खासे चिंतित हैं। तमाम विशेषज्ञों का मानना है कि एडाप्टेशन या अनुकूलन उत्सर्जन में कटौती का विकल्प नहीं है। यदि तापमान वृद्धि यूं ही जारी रहती है तो दुनिया को लगातार ऐसे बदलावों का सामना करना पड़ेगा जिनके प्रति एडाप्टेशन या अनुकूलन नहीं किया जा सकता। भारत जैसे देशों के लिए इस दिशा में परिवर्तन लाने के लिए एक छोटा सा मौका है जिसका समय रहते फायदा नहीं उठाया गया तो जलवायु समस्या बढ़ेगी। सेंटर फार साइंस एंड एन्वायरमेंट (सीएसई) द्वारा नीमली/अलवर राजस्थान स्थित अनिल अग्रवाल पर्यावरण प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार से शुरू हो रहे 'महामारी और जलवायु परिवर्तन की दोहरी चुनौती' विषय चार दिवसीय कांक्लेव की पूर्वसंध्या पर विशेषज्ञों ने आइपीसीसी की रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की। पर्यावरणविद सुनीता नारायण का कहना है कि भारत के तटीय शहरों में हीट वेव और वर्षा के कारण होने वाली बाढ़ गंभीर होती हैं। भारी बारिश, उष्ण कटिबंधीय चक्रवात और सूखे के साथ, यह भारत में बहुत लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर करेगा। भविष्य में वार्मिंग के साथ, नुकसान भी तेजी से बढ़ेगा। उत्सर्जन में तेज़ी से कटौती ही जलवायु परिवर्तन के परिणामों को सीमित करने का एकमात्र तरीका होगा। ग्लासगो में आयोजित कान्फ्रेंस आफ पार्टीज (कोप-26) से शिरकत करने वाली सीएसई की जलवायु विशेषज्ञ अवंतिका गोस्वामी ने कहा कि जब तक सरकारों की योजना के सापेक्ष उत्सर्जन में और तेज़ी से कटौती नहीं की जाती है, तब तक नुकसान तेज़ी से होता रहेगा और ग्रह के कुछ हिस्से निर्जन हो जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कार्बन उत्सर्जन में कटौती के बिना आने वाले निकट भविष्य में गर्मी और उमस मानव सहनशीलता की सीमा को पार कर जाएगी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में वेट-बल्ब तापमान का ज़िक्र किया गया है, जो मूल रूप से तापमान रीडिंग की गणना करते समय गर्मी और उमस को भी जोड़ कर देखता है। एक आम इंसान के लिए, 31 डिग्री सेल्सियस का वेट-बल्ब तापमान बेहद खतरनाक है। 35 डिग्री सेल्सियस में तो छाया में आराम कर रहे किसी स्वस्थ वयस्क के लिए भी लगभग छह घंटे से अधिक समय तक जीवित रहना मुश्किल हो जाएगा। यदि उत्सर्जन में ऐसी ही वृद्धि जारी रहती है, तो भारत के अधिकांश हिस्सों में वेट-बल्ब तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के खतरनाक स्तर तक पहुंच जाएगा। बकौल अवंतिका, जो बात हैरान करने वाली है वो यह कि रिपोर्ट में साफ तौर पर बताया गया है कि अगर उत्सर्जन में वृद्धि जारी रही तो लखनऊ और पटना 35 डिग्री सेल्सियस के वेट बल्ब तापमान तक पहुंच जाएंगे। इसके बाद भुवनेश्वर, चेन्नई, मुंबई, इंदौर और अहमदाबाद में वेट बल्ब तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। कुल मिलाकर, असम, मेघालय, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब सबसे अधिक प्रभावित होंगे। विशेषज्ञों के मुताबिक सदी के मध्य तक भारत में लगभग 35 मिलियन लोगों को वार्षिक तटीय बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही, सदी के अंत तक 45-50 मिलियन लोग जोखिम में होंगे। भारत के लिए समुद्र के स्तर में वृद्धि और नदी की बाढ़ की आर्थिक लागत भी दुनिया में सबसे ज्यादा होगी। जलवायु परिवर्तन और बढ़ती मांग का मतलब है कि भारत में लगभग 40 प्रतिशत लोग 2050 तक पानी की कमी के साथ जीएंगे, जबकि अब यह 33 प्रतिशत है। गंगा और ब्रह्मपुत्र दोनों नदी घाटियों में भी जलवायु परिवर्तन के परिणामस्वरूप बाढ़ में वृद्धि देखी जाएगी, खासकर अगर वार्मिंग 1.5 डिग्री सेल्सियस से गुजरती है। भारत के कुछ हिस्सों में चावल का उत्पादन 30 प्रतिशत गिर सकता है यदि उत्सर्जन अधिक होता है तो। अगर उत्सर्जन में कटौती कि जाती है तो यह आंकड़ा 10 प्रतिशत हो जाएगा। ऐसे ही अगर लगाम नहीं लगी तो मक्के का उत्पादन 70 प्रतिशत तक गिर सकता है और अगर कटौती की गयी उत्सर्जन में तो यह आंकड़ा हो जाएगा 25 प्रतिशत।
