दिल्ली में GRAP हटा: क्या प्रदूषण के लिए सिर्फ मौसम के भरोसे है सरकार?
दिल्ली सरकार ने राजधानी से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) को हटा लिया है, लेकिन यह सवाल अभी भी बना हुआ है कि क्या प्रदूषण से राहत केवल मौसम की मेहरबानी है? सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की विशेषज्ञ शाम्भवी शुक्ला के अनुसार, ग्रैप एक इमरजेंसी कदम है जिसे अक्सर 15 अक्टूबर से 15 मार्च के बीच लगाया जाता है। सर्दियों में 'मिक्सिंग हाइट' कम होने और हवा की गति धीमी होने से दिल्ली एक कटोरे की तरह प्रदूषकों को कैद कर लेती है। अब गर्मी शुरू होते ही प्रदूषक तत्व हवा के साथ ऊपर चले जाते हैं, जिससे एयर क्वालिटी में सुधार दिखता है। यह स्थिति स्पष्ट करती है कि दिल्ली का दम घोंटने वाला प्रदूषण कम होने में सरकारी प्रयासों से कहीं ज्यादा भूमिका मौसम के बदलाव की रही है।
