Diwali Pollution in Delhi: दिवाली की रात 8 से सुबह 8 बजे तक सबसे जहरीली रही हवा
नई दिल्ली: सीजन का पहला स्मॉग एपीसोड दिल्ली एनसीआर में शुरू हो चुका है। यह अगले दो दिनों तक और जारी रह सकता है। इस स्मॉग ने गंगा के मैदानी इलाकों को लगभग पूरी तरह कवर कर लिया है। सीएसई ने राजधानी के पहले स्मॉग एपीसोड पर अपनी विश्लेषण रिपोर्ट जारी की है। सीएसई की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुमिता रायचौधरी के अनुसार राजधानी में पहला स्मॉग एपीसोड कई वजहों की वजह से हो रहा है। इसमें खराब मौसम की स्थितियां, पराली और पटाखों का जलना शामिल हैं। हालांकि राजधानी में चिंताजनक स्थिति वाली स्मॉग छाई हुई है लेकिन पराली के धुएं ने अक्टूबर के मध्य से 8 नवंबर तक पिछले चार सालों में सबसे कम प्रभावित किया है। लेकिन 7 नवंबर को पराली प्रदूषण 48 प्रतिशत तक पहुंच गया सीएसई अर्बन लैब के प्रोग्राम मैनेजर अविकल सोमवंशी के अनुसार राजधानी के पहले स्मॉग एपीसोड में जहां पीएम 2.5 का स्तर कहीं अधिक रहा, वहीं ओजोन, कार्बन मोनोऑक्साइड और नाइट्रोजन डायऑक्साइड का स्तर भी चिंताजनक बना रहा। सल्फर डाइ ऑक्साइड और नाइट्रोजन डाइ ऑक्साइड के स्तर में आतिशबाजी की वजह से दिवाली की रात अचानक से तेजी आई। सीजन का पहला स्मॉग एपीसोड 4 नवंबर को पीएम 2.5 का स्तर 250 एमजीसीएम पर पहुंचा। यह अपने अधिकतम स्तर पर 5 नवंबर को पहुंचा जब इसका स्तर 501 एमजीसीएम हो गया। इसमें बाद इसमें कमी आई और यह 8 नवंबर को 256 एमजीसीएम तक पहुंच गया। इसके बाद अब फिर से इसमें इजाफा होने लगा और यह 9 नवंबर को 264 एमजीसीएम पर पहुंच गया। पिछले चार साल के सीजन के पहले स्मॉग एपीसोड को देखें तो यह 2018 और 2020 से काफी मेल खाता है। यह दोनों स्मॉग एपीसोड सात दिन तक चले थे। सीएसई के अनुसार यदि स्थितियों में सुधार नहीं होता तो यह 2019 के रेकार्ड को तोड़ सकता है जब पहला स्मॉग एपीसोड आठ दिन तक चला था।
