Diwali Pollution Record: बिना प्रदूषण वाली दिवाली दिल्ली से फिर रह गई दूर, 6 साल में सबसे प्रदूषित 2021 की दिवाली
नई दिल्ली: एक्यूआई सिस्टम आने के बाद 2021 की दिवाली सबसे प्रदूषित दिवाली हो गई है। देश में सबसे प्रदूषित स्थान नोएडा रहा। दूसरे नंबर पर गुरुग्राम रहा। राजधानी का एक्यूआई 462 दर्ज हुआ। हेल्थ की इस इमरजेंसी ने अच्छे लोगों को भी हांफने पर मजबूर कर दिया है। आतिशबाजी के साथ उत्तर भारत में पराली जलाना और हवाओं की सुस्त रफ्तार इसकी वजह रही। शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 462 रहा। राजधानी के कई इलाकों ने प्रदूषण के मामले में नोएडा को पीछे छोड़ दिया। नोएडा का एक्यूआई 475 रहा। राजधानी में अलीपुर का एक्यूआई 476, पंजाबी बाग का 479, नेहरू नगर 479, सोनिया विहार का 486, जहांगीरपुरी का 485, रोहिणी का 479, विवेक विहार का 483, नरेला का 482, वजीरपुर का 476, मुंडका का एक्यूआई 479 रहा। इसके अलावा, भी कई इलाकों में एक्यूआई 401 से ऊपर रहा। यह गंभीर श्रेणी है। दूसरे नंबर पर रहे गुरुग्राम का एक्यूआई 472, तीसरे नंबर पर रहे गाजियाबाद का एक्यूआई 470 था। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की अनुमिता रॉयचौधरी के अनुसार इस बार हवाएं काफी धीमी हो गई थीं। हवाएं पराली के धुएं को राजधानी की तरफ धकेल रही थीं। आतिशबाजी भी राजधानी में हुई है। इन्हीं तीन वजहों से राजधानी का दम घुटा है। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर की प्रोग्राम लीड तनुश्री गांगुली ने बताया कि इस सीजन में पहली बार 4 नवंबर की शाम को राजधानी गंभीर स्थिति में पहुंची है। दिवाली की रात लगभग सभी मॉनिटरिंग स्टेशनों में पीएम 2.5 में तेजी से उछाल आया है। रात 10 बजे 250 एमजीसीएम से यह बढ़कर 600 एमजीसीएम तक पहुंच गया। इसी तरह पीएम 10 भी 300 एमजीसीएम से बढ़कर 700 एमजीसीएम तक पहुंच गया। रात एक बजे यह सबसे अधिक 836 एमजीसीएम दर्ज हुआ। यह इस बात का सबूत है कि पटाखे जलाने से प्रदूषण बढ़ा है। बीते तीन दिनों से दिल्ली की हवा की वजह से पराली प्रदूषण 10 प्रतिशत से भी कम था। काउंसिल की प्रोग्राम असोसिएट एल. एस. कुरिंजी के अनुसार, गुरुवार को अकेले पंजाब और हरियाणा में 3500 जगहों पर पराली जली। पिछले तीन दिनों से हवाओं के साथ देने की वजह से पराली जलाने के मामले अधिक होने के बावजूद पराली प्रदूषण 10 प्रतिशत से भी कम था। अब पराली का प्रदूषण बढ़ गया है।
