दिल्ली में कहां से आ रहा प्रदूषण? किस चीज से AQi हुआ बेहद खराब? CSE के विशेषज्ञ ने बताया सच
Delhi AQI causes: दिल्ली में प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा. अभी भी यहां का एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में है. प्रदूषण को लेकर न केवल पर्यावरण और स्वास्थ्य विशेषज्ञ बल्कि अन्य संस्थानों से जुड़े लोग भी चिंता जता चुके हैं और दिल्ली से कुछ दिनों के लिए दूर रहने की सलाह तक दे चुके हैं. इसके प्रभाव से लगभग सभी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. जबकि रेस्पिरेटरी और फेफड़ों से जुड़े मरीजों की हालत गंभीर होती जा रही है. हालांकि सबसे बड़ा सवाल है कि दिल्ली में ये प्रदूषण कहां से आ रहा है? आखिर क्यों दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई सर्दी आते ही इतना खराब हो जाता है? दिल्ली स्थित सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट लगातार दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारणों की खोज करने के साथ ही समाधानों की तलाश कर रहा है. सीएसई के वायु प्रदूषण विशेषज्ञ विवेक चट्टोपाध्याय से जानते हैं दिल्ली में हर सर्दी में आने वाली इस आफत का कारण क्या है और इससे बचाव के क्या उपाय हैं? विवेक चट्टोपाध्याय बताते हैं कि दिल्ली की बेहद खराब एयर क्वालिटी के पीछे कई कारण हैं. राजधानी के प्रदूषण में सिर्फ दिल्ली नहीं बल्कि कई अन्य क्षेत्रों और शहरों की भी बराबर भागीदार है. एक स्टडी के मुताबिक यहां के प्रदूषण में दिल्ली का लगभग योगदान महज 30 फीसदी है, जबकि एनसीआर की भी इतनी ही 30 फीसदी है और बाहरी क्षेत्रों की 40 फीसदी हिस्सेदारी है.
