देश के 5 बड़े शहरों में व्हीकल रिसायकलिंग प्लांट खोलेगी यह कंपनी
वाहन स्क्रैपेज पालिसी लागू होने के बाद अब कई कपनियों ने स्क्रैपिंग फर्म में निवेश करना शुरू कर दिया है। हाल ही में हैदराबाद स्थित रैमकी एनवायरो इंजीनियर्स लिमिटेड (REEL) ने देश के पांच बड़े शहरों में व्हीकल रीसाइकलिंग प्लांट लगाने की घोषणा की है। कंपनी पहले चरण में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई में रीसाइक्लिंग प्लांट लगाएगी। अगले चरण में, रीसाइकलिंग नेटवर्क पूरे भारत में 25 से ज्यादा स्थानों तक विस्तारित होगा। कंपनी इस पहल के हिस्से के रूप में यात्री और वाणिज्यिक वाहन दोनों क्षेत्रों में अग्रणी ऑटोमोटिव कंपनियों के साथ साझेदारी करना चाहती है। एक रिपोर्ट के अनुसार देश में 2025 तक लगभग 2 करोड़ से ज्यादा वाहनों की तय समय सीमा समाप्त हो जाएगी। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अगर पुराने वाहनों के लिए स्थायी समाधान नहीं ढूंढा गया तो ये वाहन भविष्य में प्रदूषण का महत्वपूर्ण कारण बनेंगे।
