2021 की शुरुआत रही सबसे ज्यादा प्रदूषितः स्टडी
नई दिल्ली: 2021 के शुरुआती तीन महीने 2019 के बाद से सबसे अधिक प्रदूषित रहे हैं। यह दावा किया है सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) ने। सीएसई की एक रिपोर्ट के अनसुार मार्च-मई 2020 और अप्रैल-जून 2021 दोनों लॉकडाउन के दौरान प्रदूषण में कमी आई। लेकिन स्प्रिंग सीजन में प्रदूषण के बढ़ने से यह साफ है कि गतिविधियों में आंशिक रोक के बावजूद प्रदूषण बढ़ रहा है। सीएसई की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रिसर्च एंड एडवोकेसी अनुमिता राय चौधरी के अनुसार महामारी की दूसरी लहर के बीच प्रदूषण कम करने के लिए एक्शन कुछ कम हो गए थे, लेकिन अब इन्हें बढ़ाने की जरूरत है। महामारी के समय में प्रदूषण के बढ़ने से लोगों को काफी परेशानियां हो सकती हैं। सीएसई की प्रोग्राम मैनेजर अविकल सोमवंशी के अनुसार इस साल जनवरी से मार्च तक पीएम 2.5 का स्तर 2019 से अब तक का सर्वाधिक रहा। सीएसई की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी से मार्च तक 2018 के मुकाबले 2019 में प्रदूषण 26 प्रतिशत कम हुआ था। 2020 में यह कमी 36 प्रतिशत की हो गई थी। वहीं मार्च 2020 में आंशिक लॉकडाउन भी इस कमी की वजह रहा। लेकिन यह ट्रेंड इस साल नहीं दर्ज हुआ। 2020 के मुकाबले शुरुआती तीन महिने इस बार 31 प्रतिशत अधिक प्रदूषित रहे। वहीं 2019 के मुकाबले यह 8 प्रतिशत प्रदूषित रहे। सीएसई के अनुसार 2021 के लॉकडाउन के दौरान में शाम के पीक आवर में एनओ-2 का स्तर 2020 के लॉकडाउन के मुकाबले 29 प्रतिशत तक अधिक रहा। लेकिन 2019 के मुकाबले यह 57 प्रतिशत तक कम रहा। वहीं मई इस साल पूरी तरह लॉकडाउन में रही। इस दौरान गाजियाबाद सबसे प्रदूषित रहा जहां औसत प्रदूषण 59 एमजीसीएम रहा। वहीं गुरुग्राम सबसे साफ 51 एमजीसीएम पर रहा। सीएसई की रिपोर्ट के अनुसार 2021 में फरवरी से मार्च के दौरान बेहद खराब दिनों की संख्या में मामूली इजाफा हुआ है। 2021 में इनकी संख्या 27 रही, लेकिन 2020 में यह 17 और 2019 में यह 12 थी। इस साल फरवरी मार्च में महज दो दिन प्रदूषण तय मानकों पर रहा। जबकि 2020 में ऐसे दिनों की संख्या 16 और 2019 में इनकी संख्या 6 थी।
