CSE Director Bid Coal Plant Apply Pollution Standards By 2022 – CSE की डायरेक्टर बोलीं
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) की कार्यकारी निदेशक अनुमिता रॉय चौधरी ने कहा कि सरकार 2022 तक कोयला संयंत्रों पर प्रदूषण मानकों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। क्योंकि कोयला संयंत्र प्रदूषण के प्रमुख स्रोत हैं और यदि प्रदूषण में कमी लानी है तो हर संयंत्र में प्रदूषण मानकों का सख्ती से पालन होना जरूरी है। उन्होंने वर्चुअल तरीके से आयोजित टाउनहाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि बिजली संयंत्रों के अलावा परिवहन के क्षेत्र में इलेक्ट्रिक व बैटरी चालित वाहनों को प्रोत्साहित करना होगा। साथ ही प्रदूषण के स्रोतों को चिह्नित कर योजनाएं बनानी होंगी। कार्यक्रम क्लाइमेट वॉयसेस ने आयोजित किया है जो परपज, असर और क्लाइमेट ट्रेंड्स का संयुक्त उपक्रम है। इसमें महाराष्ट्र के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा शुरू की गई पहल माझी वसुंधरा का भी योगदान है। वातावरण फाउंडेशन और सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट ने इसकी मेजबानी की। कार्यक्रम में पर्यावरण पर सबसे ज्यादा प्रभाव डालने वाले पहलुओं पर समावेशी और सार्थक विचार-विमर्श किया गया। इसका उद्देश्य केंद्रित सिफारिशों के जरिए एक सतत कार्य योजना तैयार कर जलवायु के प्रति विमर्श को और मजबूत करना भी है। क्लाईमेट ट्रेंड की निदेशक आरती खोसला ने कहा कि वायु प्रदूषण को कम करने के दिल्ली, मुंबई समेत बड़े शहरों के लिए प्रदूषण नियंत्रण की अलग योजनाएं बननी चाहिए। जिन क्षेत्रों में प्रदूषण की मार ज्यादा है, उनकी भी पहचान होनी चाहिए तथा उन पर केंद्रीत योजनाएं बनाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कृषि, पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्रों में भी इसके लिए संवाद कायम किया जान चाहिए। कूड़ा प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जाना चाहिए। प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए बहुस्तरीय रणनीति अपनानी होगी। पलमोकेयर रिसर्च एंड एजुकेशन फाउंडेशन के निदेशक डॉ. संदीप साल्वी ने महाराष्ट्र की जनता की सेहत पर वायु प्रदूषण के प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि वायु प्रदूषण पर पिछले कुछ वर्षों के दौरान ध्यान दिया जाना शुरू किया गया है। द ग्लोबल बर्डन ऑफ़ डिजीज स्टडी 2017 में इस बात को बहुत शिद्दत से महसूस किया गया कि वायु प्रदूषण के कारण हमारी सेहत पर क्या असर पड़ता है। कुछ बीमारियां वायु प्रदूषण के साथ बहुत गहरे से जुड़ी हैं। फेफड़ों में संक्रमण और क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पलमोनरी डिजीज (सीओपीडी) वायु प्रदूषण का नतीजा है। डॉ. साल्वी ने कहा कि ग्लोबल बर्डन ऑफ़ डिजीज स्टडी 2019 के मुताबिक वायु प्रदूषण से संबंधित असामयिक मौतों के कारण होने वाला आर्थिक नुकसान प्रतिवर्ष 280000 करोड रुपए है, जबकि महाराष्ट्र में यह 33000 करोड़ है।
