जहरीली हुई दिल्ली-NCR की हवा, आज और बिगड़ सकती है स्थिति; 400 के पार जा सकता है एयर क्वालिटी इंडेक्स
दिल्ली-एनसीआर की हवा अब दमघोंटू होने लगी है, क्योंकि पंजाब और हरियाणा में पराली जलाए जाने के असर के चलते दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण खराब स्थिति में पहुंच गया है। जानकारों का मानना है कि अगर हवा की दिशा और रफ्तार में बदलाव नहीं हुआ तो अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। शनिवार को हालात और बिगड़ सकते हैं। एयर इंडेक्स 400 का आंकड़ा पार कर गंभीर श्रेणी में पहुंच सकता है। हवा की कम रफ्तार ने बढ़ाया प्रदूषण हवा की रफ्तार कम होने और पराली का धुआं बढ़ने से इस साल अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में ही खतरनाक हालात बन गए हैं। आलम यह है कि शुक्रवार को हवा इस सीजन की सर्वाधिक प्रदूषित रही। वहीं, सफर इंडिया का कहना है कि बृहस्पतिवार को पंजाब-हरियाणा में पराली जलाने के 1,231 केस सामने आए। दिल्ली के प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी 17 फीसद तक रही। दिल्ली-एनसीआर में 300 के पार ही रहा AQI दिल्ली-एनसीआर में सभी जगह एयर इंडेक्स 300 के पार हो गया। यह हवा की बहुत खराब श्रेणी है। वहीं, दिल्ली के 10 इलाकों में एयर इंडेक्स 400 से ऊपर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। ऐसे हालात को देखते हुए केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रलय के अधीन आने वाली वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था सफर इंडिया और पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (ईपीसीए) ने लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। सुबह सैर के लिए जाने वालों को सांस की परेशानी दरअसल, बृहस्पतिवार रात से फिर से उत्तर-पश्चिमी हवा बह रही थी और इसकी गति भी 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रही। नतीजा, स्मॉग के साथ-साथ प्रदूषण भी बढ़ने लगा। शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोगों ने आंखें खोलीं तो बाहर खासा धुंधलका छाया था। सुबह की सैर के लिए जाने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, ईपीसीए की सदस्य सुनीता नारायण ने बताया कि सभी एजेंसियों को प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी कोशिशें करने के लिए कहा गया है। जरूरत पड़ने पर कुछ और सख्त निर्णय लिए जाएंगे। दिल्ली के इन 10 इलाकों में एयर इंडेक्स 400 के पार शादीपुर विवेक विहार आनंद विहार वजीरपुर जहांगीरपुरी पटपड़गंज
