अमरोहा के डाईडेरा में बना प्रदेश का पहला आत्मनिर्भर एफएसटीपी
अमरोहा के गांव डाईडेरा में 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा से संचालित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) पूरी तरह से आत्मनिर्भर बना है। यह प्लांट जैविक खाद बेचकर अपनी लागत पूरी करता है और क्षेत्र के किसानों को सस्ती जैविक खाद उपलब्ध कराता है। यह स्वच्छ भारत मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिले के गांव डाईडेरा में 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा से संचालित और जैविक खाद बेचकर पूरी तरह से आत्मनिर्भर बना प्रदेश का पहला एफएसटीपी चर्चा में है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की देखरेख में संचालित प्लांट की खुद इस संगठन ने प्रशंसा की है। नगर निकाय विभाग ने भी अमरोहा नगर पालिका के इस 32 केएल्डी क्षमता के एफएसटीपी से प्रेरणा लेने की प्रदेश के अन्य निकायों से इच्छा जताई है। डाईडेरा में संचालित नगर पालिका के 32 केएलडी क्षमता के फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट ने प्रदेश के पहले आत्मनिर्भर एफएसटीपी की उपलब्धि हासिल की है। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत घरेलू, औद्योगिक और सरकारी दफ्तरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले कचरे या स्लज के निस्तारण के लिए करीब दो साल पहले प्रदेश में 46 एफएसटीपी के निर्माण को मंजूरी दी थी। शासन की मंजूरी के बाद डाईडेरा में जगह चिन्हित कर करीब चार करोड़ रुपये की लागत से प्लांट का निर्माण किया गया। प्लांट के निर्माण के बाद जन-जागरूकता, अनुसंधान और वकालत के क्षेत्र में काम करने वाले संगठन सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट ने इसका निरीक्षण कर प्लांट के संचालन को हरी झंडी दिखा दी। संगठन की देखरेख में संचालित प्लांट ऊर्जा और अपनी आय के मामले में प्रदेश का पहला आत्मनिर्भर एफएसटीपी है। प्लांट 100 फीसदी सौर ऊर्जा से संचालित है। प्लांट अपनी परिचालन लागत के मामले में भी पूरी तरह से आत्मनिर्भर है। प्लांट पर तैनात दो ऑपरेटरों समेत कुल छह कर्मचारियों का वेतन और तमाम खर्च इसमें बनी जैविक खाद स्थानीय किसानों को बेचकर निकल आते हैं। प्लांट से निकलने वाले पानी का भी सिंचाई, कार वॉशिंग आदि में इस्तेमाल किया जा रहा है। केवल 600 रुपये प्रति कुंतल मिल रहा जैविक खाद अमरोहा। प्लांट में स्लज को वैज्ञानिक तरीके से ट्रीटमेंट कर रोजाना करीब पांच कुंतल जैविक खाद बनाई जा रही है। रासायनिक खाद के मुकाबले 20 गुना ज्यादा उर्वरा शक्ति वाली जैविक खाद प्लांट पर केवल 600 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से उपलब्ध है। मामूली कीमत में जैविक खाद की उपलब्धता से क्षेत्र के हजारों किसान भी उर्वरकों के मामले में आत्मनिर्भर बने हैं। गांव डाईडेरा में बना एफएसटीपी स्वच्छ भारत मिशन की कवायद का हिस्सा है। यह प्रदेश का पहला आत्मनिर्भर एफएसटीपी है। इससे स्वच्छता की जन भावना को बल मिला है। डॉ.बृजेश कुमार, ईओ
