छोटे शहरों की बड़ी समस्या बना प्रदूषण
सुनीता नारायण,पर्यावरणविद और महानिदेशक, सीएसई यह धारणा अब बदलनी चाहिए कि वायु प्रदूषण सिर्फ ‘महानगरों और बड़े शहरों की समस्या’ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़े तस्दीक करते हैं कि हमारे छोटे शहर भी अब दूषित हवा में सांस ले रहे हैं। कुछ मामलों में तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर है। देशव्यापी प्रदूषण पर पिछले साल हमारी एक सहयोगी ने अध्ययन किया था, जिसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए थे। वह रिपोर्ट बताती है कि वायु प्रदूषण के नए हॉटस्पॉट बर्नीहाट जैसे छोटे शहर बनने लगे हैं। यह पूर्वोत्तर में असम-मेघालय सीमा पर स्थित है। पीएम 2.5 के सालाना स्तर के मामले में इसने दिल्ली को पीछे छोड़ दिया था। इसी तरह, गुरुग्राम, श्रीगंगानगर, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा, मुजफ्फरनगर भी उन शहरों में शामिल दिखे, जहां वायु प्रदूषण का स्तर खतरे के पार बना रहता है। यह भारत में वायु प्रदूषण में एक बड़े बदलाव का संकेत है, जिसका अर्थ है कि छोटे शहरों में भी सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की दरकार है। जाहिर है, हमें नियामक ढांचा मजबूत बनाना होगा, निगरानी व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी और रोकथाम के सख्त उपाय अपनाने होंगे। हालांकि, ये तमाम प्रयास तभी सफल होंगे, जब नागरिकों को पता होगा कि हमारी हवा कितनी खराब है? दिक्कत वास्तव में यही है। दरअसल, देश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को पता ही नहीं चलता कि उनके यहां हवा कितनी दूषित है? अपने यहां वायु प्रदूषण से निपटने का सबसे आसान तरीका यही अपनाया जाता है कि लोगों को असलियत न बताओ। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि हम जिस हवा में सांस लेते हैं, उसे ‘मॉनिटर’ करने की पर्याप्त व्यवस्था देश के अधिकतर हिस्सों में नहीं है। नतीजतन, लोग न सिर्फ वायु प्रदूषण की जानकारी से अनभिज्ञ रह जाते हैं, बल्कि उन्हें यह भी पता नहीं होता कि प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर उनको क्या-क्या करना चाहिए, ताकि सेहत को कम-से-कम नुकसान पहुंचे। दुनिया भर में वायु प्रदूषण को मापने के लिए वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का इस्तेमाल होता है। वहां इस आंकड़े का इस्तेमाल जानकारी देने और फिर कार्रवाई करने के लिए किया जाता है। लोगों को पता होता है कि उन्हें क्या सावधानियां बरतनी चाहिए और स्थानीय प्रशासन को प्रदूषण से लड़ने के लिए क्या कदम उठाने चाहिए? इसीलिए, बीजिंग में ‘रेड अलर्ट’ के दिनों में स्कूल बंद हो जाते हैं, तो पेरिस ‘स्मॉग’ केे दिनों में शहर में डीजल कारों को आने नहीं देता। भारत ऐसा नहीं कर पाता। कुछ अपवादों को छोड़ दें, तो हमारे पास स्टेशनों का ऐसा नेटवर्क नहीं है, जो हमें रियल टाइम में खतरों के बारे में बता सके। हमारे पास 966 मैन्युअल स्टेशन हैं, जो सैंपल इकट्ठा करते हैं और उन्हें प्रयोगशाला में विश्लेषण के लिए भेजते हैं। ये स्टेशन करीब 24 घंटे के बाद रोजाना का औसत आंकड़ा दे सकते हैं, वह भी तब, जब कोई व्यक्ति उस जानकारी को इकट्ठा करे, उसका विश्लेषण करे और लोगों से साझा करे। नियमित तौर पर ऐसा कर पाना कठिन होता है, इसलिए ज्यादातर आंकड़े पुराने मिलते हैं। अधिकतर मैन्युअल स्टेशन एक साल में 104 दिन निगरानी की न्यूनतम जरूरत भी पूरी करते नहीं दिखते। तात्कालिक समय पर निगरानी करने वाले स्टेशनों की बात करें, तो देश के 296 शहरों में 567 रियल टाइम स्टेशन काम कर रहे हैं। यह स्थिति तब है, जब देश में 4,000 से अधिक शहर और नगर हैं। बेशक, 2010 की तुलना में मैन्युअल स्टेशनों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है और रियल टाइम स्टेशनों में भी 20 गुना की वृद्धि हुई है, लेकिन 40 फीसदी से अधिक आबादी अब भी वायु प्रदूषण की निगरानी व्यवस्था से बाहर है और करीब 60 फीसदी लोगों को अपने इलाके के वायु गुणवत्ता सूचकांक की जानकारी नहीं होती। ऐसे शहरों की संख्या तो 200 से भी कम है, जो सभी छह मुख्य प्रदूषकों की निगरानी करते हैं। कोई चाहे, तो इन स्टेशनों (मैन्युअल और रियल टाइम, दोनों) की लागत को मुद्दा बना सकता है, जो गलत भी नहीं है। एक रियल टाइम स्टेशन बनाने में करीब एक करोड़ रुपये की जरूरत होती है, जिसके सालाना रखरखाव पर 18 से 20 लाख रुपये का खर्च आता है। इसी तरह, मैन्युअल स्टेशन बनाने में आठ से दस लाख रुपये की लागत आती है। ऐसे में, हमें हवा की निगरानी के लिए नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए। हमारे नौजवान जब ‘स्टार्ट अप’ के मामले में दुनिया भर में अपनी योग्यता का लोहा मनवा सकते हैं, तो क्या उनकी मेधा का इस्तेमाल इस काम में नहीं किया जा सकता? इसी तरह, निवारक उपायों को लेकर भी रणनीतियों में सुधार होना चाहिए। निर्माण-कार्य छोटे शहरों की मजबूरियां हैं, लेकिन पर्यावरण-हितैषी निर्माण-कार्यों को बढ़ावा देकर हम वहां की हवा को काफी हद तक बचा सकते हैं। अब ऐसी निर्माण-सामग्रियों को बढ़ावा देने की जरूरत है, जिनका पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव कम-से-कम पड़े। नवीकरणीय सामग्रियों के उपयोग के साथ-साथ ऊर्जा-कुशल डिजाइन तैयार करने को लेकर भी लोगों को प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि कार्बन फुटप्रिंट कम हों। इसी तरह, गाड़ियों के इस्तेमाल को लेकर भी जागरूकता बननी चाहिए। किसी भी शहर का आंकड़ा ले लीजिए, गाड़ियों की संख्या में वृद्धि इंसानी आबादी में बढ़ोतरी से कहीं ज्यादा दिखेगी। यह कोई इत्तफाक नहीं है। असल में, सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण लोगों के पास निजी गाड़ियों की तरफ जाने के अलावा कोई चारा नहीं बचता। जैसे-जैसे सार्वजनिक परिवहन कम हुए हैं, लोग दोपहिया या कारों की तरफ बढ़े हैं। कई साल पहले मैंने पढ़ा था कि अमेरिका में किस तरह ऑटोमोबाइल उद्योग ने जान-बूझकर रेलवे और ट्राॅम-वे खरीद लिया था, ताकि वे उनको खत्म कर सकें। भारत में यह कहानी ज्यादा आसान रही। सार्वजनिक परिवहन को बर्बाद करने के लिए निजी कंपनियों को ‘निवेश’ नहीं करना पड़ा। यह काम सरकारों द्वारा खुद किया गया। ज्यादातर शहरों में, बसें ट्रांसपोर्ट कंपनी की तरह नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली सेवा के रूप में चलती हैं। फिर, सरकारों ने सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए जरूरी निवेश भी नहीं किया। जाहिर है, छोटे शहरों पर अब ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। दुनिया की पांच बड़ी आर्थिक ताकतों में शुमार भारत इसे अब नजरंदाज नहीं कर सकता। वह भी तब, जब वायु प्रदूषण से देश में हर साल 15 से 17 लाख लोगों की जान जाती हो। (ये लेखिका के अपने विचार हैं)
