तप रहे हिमालयी राज्य... 2023 में शून्य तो 2024 में 25 दिन हीटवेव, रिसर्च में बिजली खपत पर भी चौंकाने वाला खुलासा
भारत के हिमालयी राज्य उत्तराखंड और लद्दाख जैसे राज्यों में 2024 के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे भीषण गर्मी का प्रभाव हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ता जा रहा है। क्लाइमेट कम्पैटिबल फ्यूचर्स और क्लाइमेट ट्रेंड्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तराखंड में जहां 2023 में हीटवेव का एक भी दिन नहीं था, वहीं 2024 में ऐसे 25 दिन दर्ज किए गए। वहीं, लद्दाख में गर्मी के मौसम का औसत तापमान 9.1 प्रतिशत बढ़ गया है। मौसम में आया यह परिवर्तन दिखाता है कि गर्मी अब ठंडे और ऊंचाई वाले इलाकों में भी पहुंच गई है, जो पहले उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों की तक ही सीमित थी। इस स्टडी में भारत के गर्मी और बिजली सिस्टम पर विश्लेषण किया गया। इसमें पाया गया कि उत्तराखंड में गर्मी के मौसम का औसत तापमान 11.2 प्रतिशत बढ़ा है, जो हिमालयी राज्यों में सबसे ज्यादा है। यह इस बात का संकेत है कि पहाड़ों का वो प्राकृतिक सुरक्षा कवच जो हम मानते आए थे, अब कमजोर पड़ रहा है। जलवायु और स्वास्थ्य पर भी हो रहा असर रिपोर्ट के लेखकों ने चेतावनी दी है कि यह बदलाव सिर्फ हिमालय के मौसम को ही नहीं बदल रहा, बल्कि इन नाजुक इलाकों को ऊर्जा सिस्टम, लोगों के स्वास्थ्य और जलवायु समानता पर भी बुरा असर डाल रहा है। यह रिपोर्ट भारत मौसम विज्ञान विभाग और सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट के बड़े जलवायु आंकड़ों के साथ मेल खाती है। दोनों ने 2024 को रिकॉर्ड पर सबसे गर्म सालों में से एक बताया है। इस साल मार्च से जून के बीच देश में 200 से ज्यादा दिन हीटवेव वाले रहे, जिनमें ऐसे राज्य भी शामिल थे जहां पहले ऐसी गर्मी कभी नहीं देखी गई थी।
