पराली नहीं! ये है दिल्ली में वायु प्रदूषण फैलने का असली कारण, दमघोंटू हवा को लेकर रिपोर्ट में खुलासा
दिल्ली-एनसीआर की सर्दी में प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, लेकिन इस बार पराली जलाने को प्रदूषण के मुख्य कारण के रूप में नहीं देखा जा रहा है. एक नई रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि इस साल प्रदूषण का असली कारण वाहनों और अन्य स्थानीय स्रोतों से निकलने वाले जहरीले प्रदूषक तत्व हैं, जो दिल्ली की हवा को और भी दमघोंटू बना रहे हैं. 59 दिन तक प्रदूषण का खतरनाक स्तर सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 59 दिनों तक प्रदूषण का अध्ययन किया. इस दौरान पाया गया कि दिल्ली के कई इलाकों में कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) का स्तर तय सीमा से ऊपर रहा. रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के द्वारका सेक्टर-8 में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर 55 दिनों तक बढ़ा रहा, जबकि जहांगीरपुरी और दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तर परिसर में भी 50 दिनों तक यह सीमा से ज्यादा था. जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा प्रदूषण जहांगीरपुरी को दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका पाया गया, जहां सालभर का औसत पीएम 2.5 स्तर 119 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था. इसके बाद बावाना और वज़ीरपुर का नंबर आता है, जहां यह स्तर 113 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था. इस रिपोर्ट में कुछ नए प्रदूषण हॉटस्पॉट्स भी सामने आए हैं, जिनमें विवेक विहार, अलीपुर, नेहरू नगर, और सिरी फोर्ट शामिल हैं.
