क्यों नहीं सुधर रही दिल्ली की हवा? रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
दिल्ली–एनसीआर में ठंड की दस्तक के साथ ही एक बार फिर ज़हर घुली हवा लोगों की सांसों पर भारी पड़ने लगी है। सुबह होते ही घना स्मॉग सड़कों और कॉलोनियों पर चादर की तरह फैल जाता है, कई इलाकों में विज़िबिलिटी 50 मीटर से भी कम रह जाती है। कागज़ों पर भले ही ‘पीक पॉल्यूशन’ पिछले कुछ सालों की तुलना में थोड़ा नीचे दिख रहा हो, लेकिन औसत प्रदूषण स्तर लगभग वहीं का वहीं है यानी आम लोगों को राहत जैसी कोई स्थिति नहीं बन पाई है। यही वजह है कि अब एक बड़ा सवाल फिर सामने है दिल्ली की हवा को रोज़ कौन जहरीला बना रहा है? सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की ताज़ा रिपोर्ट ने इस सवाल का जवाब काफी हद तक साफ कर दिया है। गाड़ियों का धुआं बना रोज के जहर की सबसे बड़ी वजह CSE की ओर से सोमवार को जारी की गई इस रिपोर्ट में 1 अक्टूबर से 15 नवंबर तक यानी 59 दिनों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक रोज़ाना बढ़ते प्रदूषण में सबसे बड़ा योगदान सड़कों पर दौड़ते वाहनों से निकलने वाले धुएं का है। नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO₂) और कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) जैसे गैसियस पॉल्यूटेंट कई इलाकों में सुरक्षित सीमा से लगातार ऊपर दर्ज किए गए। खास तौर पर CO की स्थिति सबसे खराब पाई गई, जो मुख्य रूप से गाड़ियों से ही निकलती है। इन 59 दिनों के डेटा से पता चला कि दिल्ली के 22 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर CO का स्तर 30 से ज़्यादा दिनों तक मानक सीमा से ऊपर रहा। वहीं, हवा में मौजूद PM2.5 धीरे–धीरे जमा होकर हालात को और बिगाड़ता रहा।
