दिल्ली में कृत्रिम बारिश करवाने से कोई फायदा नहीं... एक्सपर्ट ने बताया- आखिर यह क्यों नहीं करेगा काम
राजधानी दिल्ली मेंकृत्रिम बारिश करवाने से कोई फायदा नहीं होने वाला है। ऐसा हम नहीं बल्कि विशेषज्ञों ने कहा है। विशेषज्ञों ने कहा है कि क्लाउड सीडिंग के बाद दिल्ली में कृत्रिम बारिश करवाना पैसे की बर्बादी है और कुछ नहीं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर क्लाउड सीडिंग कराके बारिश करा भी दी जाए तो भी 2 से 3 दिन बार फिर से प्रदूषण बढ़ जाएगा और फिर से कृत्रिम बारिश करवाने की नौबत आ जाएगी। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि इसमें एक ट्रायल पर 64 लाख रुपये खर्च होते हैं। अब तक 5 ट्रायल कराए जा चुके हैं। यानी कुल 3.20 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, जो कि बेकार ही हो गए। क्लाउड सीडिंग के बावजूद नहीं हुई बारिश सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की कार्यकारी निदेशक (शोध एवं वकालत) अनुमिता रॉयचौधरी ने कहा कि क्लाउड सीडिंग के बाद शहर में अभी तक कोई अच्छी बारिश दर्ज नहीं की गई है। अगर बारिश प्रदूषकों को बहा भी देती है, तो भी प्रदूषण जल्दी ही वापस लौट आएगा। इसका असर कुछ घंटों से लेकर कुछ दिनों तक रहता है। उन्होंने कहा कि इसे पूरे ठंड के मौसम के दौरान इसे नियमित रूप से नहीं किया जा सकता। इस तरह के निवेशों का लक्ष्य जमीनी स्रोतों से वास्तविक उत्सर्जन में कमी लाना होना चाहिए, ताकि जन स्वास्थ्य की रक्षा के लिए वायु गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जा सके।
