लू की गिरफ्त में राजधानी दिल्ली, 52 डिग्री जैसा महसूस हो रहा पारा; इन इलाकों में सबसे बुरा हाल
दिल्ली में अर्बन हीट का संकट तेजी से गहराता जा रहा है। राजधानी का करीब 76% हिस्सा लगातार तेज गर्मी की चपेट में है। कई इलाकों में तापमान 52 डिग्री सेल्सियस तक महसूस हो रहा है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (CSE) की नई रिपोर्ट में यह गंभीर खुलासा किया गया है। भारत की जीडीपी में भी हो सकता है नुकसान रिपोर्ट के मुताबिक, बढ़ती गर्मी अब सिर्फ मौसम की परेशानी नहीं रह गई है बल्कि यह लोगों की सेहत, जीवन और देश की अर्थव्यवस्था पर भी बड़ा खतरा बनती जा रही है। अनुमान है कि इस दशक के अंत तक गर्मी के कारण कामकाज और उत्पादकता में गिरावट से भारत की जीडीपी को करीब 4.5% तक नुकसान हो सकता है। पिछले 4 दशक में दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ा है। दिन ही नहीं रातों में भी बढ़ता तापमान अब सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी पहले के मुकाबले ज्यादा गर्म हो रही हैं। शहर की रात में ठंडा होने की क्षमता में करीब 9% तक कमी दर्ज की गई है। एयर कंडीशनर का बढ़ता इस्तेमाल अर्बन हीट आइलैंड प्रभाव को और तेज कर रहा है। एसी से निकलने वाली गर्म हवा बाहरी तापमान को और बढ़ा देती है। इससे बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच रही है। क्या कहती है रिपोर्ट रिपोर्ट के अनुसार, ग्रीन कवर तेजी से घट रहा है। 2014 में राजधानी का ग्रीन कवर 25.3% था, जो 2024 में घटकर सिर्फ 14.1% रह गया। जलाशयों का इलाका भी 1.2% से घटकर 0.99% रह गया है। खेती वाली जमीन कंक्रीट के जंगल में बदल रही है। इससे गर्मी जमीन और इमारतों में फंस जाती है। इन इलाकों में सबसे बुरा हाल बवाना, मायापुरी, मुडका, नरेला, उत्तम नगर, संगम विहार, करावल नगर और चांदनी चौक जैसे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके हैं। पिछले एक दशक से कई इलाके लगातार अत्यधिक गर्मी की चपेट में बने हुए हैं। व्यावसायिक परिसर, संस्थागत क्षेत्र, इंडस्ट्रियल एरिया, घनी आबादी वाली कॉलोनिया सबसे ज्यादा गर्मी झेल रहे हैं। हाई-प्रोफाइल इलाके भी चपेट में रिपोर्ट के मुताबिक, भारत मंडपम, ईस्ट किदवई नगर हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर सफदरजंग और नेताजी नगर जैसे नए इलाके भी भारी हीट स्ट्रेस का सामना कर रहे हैं। भविष्य की कॉलोनियों और इमारतों की योजना इस तरह बनानी होगी कि वे गर्मी को बढ़ाने के बजाय कम करने में मदद करें। वॉर्ड स्तर पर भी गंभीर हालात दिल्ली के 56% वॉर्ड ऐसे हैं, जहां 75% से ज्यादा इलाका लगातार हीट स्ट्रेस की चपेट में है। 272 में से 82 वॉर्ड में 90% से ज्यादा हिस्से में अत्यधिक गर्मी है। 17 वॉर्ड पूरी तरह हीट-स्ट्रेस वाले इलाकों में आते है। तुर्कमान गेट, बल्लीमारान और बाजार सीताराम सबसे ज्यादा गर्मी वाले इलाकों में है।
