खतरे में पृथ्वी : सात 'प्लैनेटरी बाउंड्री' पार, अब अनजान संकट के मुहाने पर खड़ी दुनिया
सेंटर फार साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की ''स्टेट ऑफ इंडियाज एनवायरनमेंट 2026'' रिपोर्ट के अनुसार, मानव हस्तक्षेप के कारण पृथ्वी की जीवन रक्षक प्रणालियां यानी ''प्लैनेटरी बाउंड्री'' तेजी से ध्वस्त हो रही हैं। चौंकाने वाला तथ्य यह है कि कुल नौ प्रणालियों में से सात अब अपनी सुरक्षित सीमा को पार कर चुकी हैं। यह रिपोर्ट बुधवार को नीमली स्थित अनिल अग्रवाल एनवायरमेंट ट्रेनिंग इंस्टीटयूट में तीन दिवसीय ''अनिल अग्रवाल डायलाग 2026'' के उदघाटन सत्र सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश दीपक गुप्ता, केंद्रीय वन एवं पर्यावरण के पूर्व सचिव अशोक लवासा और सीएसई की महानिदेशक सुनीता नारायण द्वारा संयुक्त रूप से जारी की गई। इस दौरान सीएसई के अध्यक्ष राज लिब्रान, रिचर्ड महापात्रा और सुपर्णो बनर्जी भी उपस्थित रहे। खतरे की घंटी : 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार रिपोर्ट जारी करते हुए सुनीता नारायण ने चेतावनी दी कि जलवायु संकट अब ''प्वाइंट आफ नो रिटर्न'' (वापसी की गुंजाइश नहीं) पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा, 'पिछले तीन वर्षों के औसत को देखें तो दुनिया पहली बार 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा को पार कर गई है। यह एक संकेत है कि हमने सुरक्षा की अंतिम दीवार को भी तोड़ दिया है।'
