दिल्ली में पिछले छह वर्षों में नवंबर-दिसंबर 2023 में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रहीः सीएसई
नयी दिल्ली, चार जनवरी (भाषा) दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले छह वर्ष में नवंबर और दिसंबर 2023 में ‘बहुत खराब’ या बदतर वायु गुणवत्ता का सबसे लंबा दौर और ‘स्मॉग एपिसोड’ की स्थिति रही। एक नये विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है। ‘स्मॉग एपिसोड’ की स्थिति वह होती है जब कम से कम तीन या अधिक दिन तक लगातार वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में होती है। दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण आंकड़े का विश्लेषण करने वाले एक स्वतंत्र थिंक-टैंक ‘सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट’ (सीएसई) ने कहा कि 2015-17 के बाद से पीएम 2.5 के वार्षिक स्तरों में क्रमिक दीर्घकालिक सुधार 2023 में रुक गया।
