गर्मियों से ज्यादा गर्म हो रहा मानसून, इस साल औसत से अधिक तापमान दर्ज, लोगों का हुआ बुरा हाल: स्टडी
आमतौर पर ऐसा माना जाता है कि मानसून गर्मी (Monsoon Summer) से राहत देता है. लेकिन इस बार ऐसा देखने को नहीं मिला है. जून के बाद से तापमान में वृद्धि ही दर्ज की गई है. राष्ट्रीय स्तर पर 1951 से 1980 के समय की तुलना करें, तो पता चलता है कि मार्च से मई के बीच जितना तापमान रहता है, इस साल उससे 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है. इस साल गर्मी के मौसम ने देश में मॉनसून पूर्व दूसरे सर्वाधिक गर्म मौसम के तौर पर 2016 का रिकार्ड तोड़ दिया, जबकि सर्दियों का मौसम या मॉनसून बाद के मौसम में तेजी से तापमान बढ़ रहा है. सेंटर फॉर साइंस एंड इन्वायरोंमेंट (सीएसई) के अर्बन लैब के नवीनतम विश्लेषण में यह कहा गया है. अध्ययन के मुताबिक, दिल्ली में भू-सतह का तापमान 2010 से सर्वाधिक रहा है और शहर में तापमान के सभी तीन मानदंडों पर उम्मीद से अधिक तापमान दर्ज किया गया. गर्मी बढ़ने की प्रवृत्ति को समझने की कोशिश के तहत सीएसई ने सतह वायु तापमान, भू-सतह तापमान और सापेक्षिक आर्द्रता (उष्मा सूचकांक) की तापमान प्रवृत्तियों का विश्लेषण किया. अध्ययन में कहा गया है कि दिल्ली में वायु तापमान 2010 की तुलना में 1.77 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा है और भू-सतह तापमान 1.95 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा है.
